लक्सर पालिका की बोर्ड बैठक जल्द कराने के निर्देश, विकास कार्यों के प्रस्ताव होंगे शामिल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। नगर पालिका परिषद लक्सर की बोर्ड बैठक लंबे समय से नहीं होने और जनहित से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव लंबित रहने के मामले में जिलाधिकारी कार्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता ने अधिशासी अधिकारी को पत्र जारी कर बोर्ड बैठक शीघ्र आहूत करने के निर्देश दिए हैं।
26 नवंबर को सभासदों ने जिलाधिकारी कार्यालय को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि छह मार्च 2026 के बाद से पालिका की बोर्ड बैठक नहीं हुई है। इससे नगर की मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव लंबित पड़े हैं।
सभासदों ने आपत्ति जताई कि पालिका अध्यक्ष की ओर से 25 नवंबर को जारी पत्र में सभी सभासदों से सात दिसंबर तक प्रस्ताव मांगे गए हैं, इसके बाद ही बैठक की तिथि तय करने की बात कही गई है। इस पर जिलाधिकारी कार्यालय ने बैठक टालने पर नाराजगी जताई है।
एडीएम वैभव गुप्ता ने उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 86 का हवाला देते हुए कहा कि नगरपालिका की एक बैठक प्रत्येक माह आयोजित किया जाना अनिवार्य है। निर्धारित संख्या में सदस्यों की लिखित मांग पर भी तय समयसीमा में बैठक बुलाना आवश्यक है।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी को पालिका अध्यक्ष से समन्वय कर नियमानुसार जल्द बोर्ड बैठक कराने, बैठक की तिथि और एजेंडे की सूचना सभी सभासदों को समय से देने तथा लंबित प्रस्तावों को प्राथमिकता से एजेंडे में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरी कार्रवाई की जानकारी जिलाधिकारी कार्यालय को देने को कहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला