इंटर-डीपीएस नेशनल मीट शुरू, पहले दिन फरीदाबाद के सागर और देव चमके

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में सोमवार को इंटर-डीपीएस नेशनल एथलेटिक मीट बालक ओपन-2026 का भव्य आगाज हुआ। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 40 डीपीएस स्कूलों के करीब 350 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन फरीदाबाद के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। 800 मीटर दौड़ में सागर सैनी ने स्वर्ण जीता, वहीं चक्का फेंक में देव ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित हो रही है। मुख्य अतिथि भेल महाप्रबंधक एवं स्कूल के प्रो-वाइस चेयरमैन नरेंद्र सिंह राणा ने ध्वजारोहण कर उद्घाटन किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने टीमों की सलामी ली और कहा कि खेल स्वस्थ जीवन का आधार हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित होती है। हार-जीत से ज्यादा अपना सर्वश्रेष्ठ देना महत्वपूर्ण है।
इसके बाद नरेंद्र सिंह राणा, विशिष्ट अतिथि आशीष गुप्ता और प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने गुब्बारे छोड़कर शुभारंभ की घोषणा की। छात्र आदित्य सिंह ने खेल भावना की शपथ दिलाई, जबकि सौमिल ने मशाल प्रज्ज्वलित की। डीपीएस बैंड की प्रस्तुति ने समारोह में रंग भर दिया।
पहले दिन 100 और 400 मीटर के क्वालिफाइंग मुकाबले हुए। 100 मीटर में विशाखापट्टनम के पी. संमुख, फरीदाबाद के विहान खन्ना, आगरा के अभय प्रताप, दुलियाजान के अनुकरण, नाचाराम के रेहांश, बाल्को के अर्थव अग्रवाल, मथुरा रोड के दारिम अहमद और भोपाल के प्रीत चौधरी फाइनल में पहुंचे। 400 मीटर में सागर सैनी, अनिकेत, आदित्य, विकल्प, आदित्य चौहान, अंतरिक्ष और सिद्धार्थ डामर ने फाइनल में जगह बनाई।
800 मीटर फाइनल में सागर सैनी प्रथम, दुर्ग के इशांत कुमार द्वितीय और शान पंत तृतीय रहे। चक्का फेंक में देव प्रथम, जाविन धनवानी द्वितीय और सौमाल्य देशमुख तृतीय रहे। प्रधानाचार्य डॉ. जग्गा ने कहा कि राष्ट्रीय मीट की मेजबानी गर्व की बात है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला