परंपराओं और संस्कृति से जुड़कर ही विकास को मिलेगी सही दिशा: प्रो. सुरजीत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की ओर से 'परंपरा से परिवर्तन तक सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक प्रतिमानों में परिवर्तन' विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और बदलते सामाजिक परिवेश के बीच सामंजस्य स्थापित करने पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री प्रो. सुरजीत सिंह ने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए परंपराओं का सम्मान करके ही विकास को सही दिशा दी जा सकती है। स्वामी श्रद्धानंद ने इसी विचार से गुरुकुल कांगड़ी जैसे वैदिक विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इसी दिशा में प्रयास कर रहे हैं। अल्पसंख्यकों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उत्तराखंड में अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। ऐसा करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है।
इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक हाथ में कुरान और दूसरे हाथ में लैपटॉप का विचार प्रेरणा देता है।
अध्यक्षता करते हुए उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. दिनेश सिंह शास्त्री ने कहा कि युवाओं को अपनी संस्कृति का सम्मान करते हुए उससे जुड़ना चाहिए। भारतीय संस्कृति सदैव व्यक्ति की आध्यात्मिक और भौतिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती रही है। देवभूमि में जीवन बिताना सौभाग्य है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अपर महानिदेशक प्रो. संजय मंजुल ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश के कारण युवा पीढ़ी में प्राचीन धरोहरों को लेकर वैचारिक बदलाव दिख रहा है। परिवर्तन स्वाभाविक है, लेकिन नई पीढ़ी को अपनी विरासत के मूल प्रतिमानों को भी समझना होगा।
संकायाध्यक्ष प्रो. देवेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि गौरवशाली संस्कृति से सीख लेकर आगे बढ़ना होगा और शिक्षाविदों को युवा पीढ़ी के साथ मिलकर काम करना होगा। सेमिनार में इजराइल के हेबू विश्वविद्यालय के डॉ. जगपाल, प्रो. मीनू सांगवान, डॉ. नूरहसन सहित कई विद्वानों ने विचार रखे। कनाडा से डॉ. दलजीत सिंह ने ऑनलाइन सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला