Live VNS

कुंभ-2027: जूना अखाड़े की भव्य पेशवाई की तैयारियों पर मंथन, मार्ग से छावनी तक व्यवस्थाएं होंगी पुख्ता

कुंभ-2027: जूना अखाड़े की भव्य पेशवाई की तैयारियों पर मंथन, मार्ग से छावनी तक व्यवस्थाएं होंगी पुख्ता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 13 नवंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 में अखाड़ों की भव्य पेशवाइयां धार्मिक एवं सांस्कृतिक वैभव का प्रमुख आकर्षण होंगी। इसी क्रम में शुक्रवार को मेला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने जूना अखाड़े के पदाधिकारियों के साथ पेशवाई की तैयारियों पर विस्तृत मंथन किया।

पांडेवाला स्थित गुघाल मंदिर परिसर में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और अखाड़े के संतों ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद अधिकारियों ने पांडेवाला मंदिर से जूना अखाड़े की छावनी तक के पारंपरिक मार्ग, प्रमुख चौराहों, बाजारों और संकरे व संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया।

बैठक में रमता पंचों के श्यामपुर स्थित विश्राम स्थल से पेशवाई के प्रस्थान और छावनी तक की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। साधु-संतों और श्रद्धालुओं की सुविधा-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन, निर्बाध आवागमन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया।

मार्ग की मरम्मत, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत-प्रकाश, चिकित्सा शिविर, अग्निशमन प्रबंध और पेड़ों की लॉपिंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। शांति व्यवस्था और यातायात सुचारु रखने के प्रबंधों पर भी विचार हुआ।

अधिकारियों ने जूना अखाड़ा सभापति प्रेमगिरि महाराज, उपाध्यक्ष महेश पुरी, सचिव शैलेंद्र गिरि और महंत भास्कर पुरी से सुझाव लिए।

मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि पेशवाई को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है। अखाड़ों के साथ निरंतर समन्वय रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।

निरीक्षण में उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ उमेश मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…