पौड़ी में पशुक्षति के 588 मामलों में बांटा 1.96 करोड़ का मुआवजा
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पौड़ी गढ़वाल, 26 नवंबर (हि.स.)।वन्यजीवों के हमले में पशुधन गंवाने वाले पशुपालकों को राहत देने के लिए वन विभाग ने मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। जनपद में पिछले दस दिनों के भीतर पशुक्षति के 588 मामलों में प्रभावित पशुपालकों को 1 करोड़ 96 लाख 5 हजार रुपये का मुआवजा वितरित किया गया है।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने जनता दर्शन में वर्ष 2024 के एक लंबित मुआवजा प्रकरण का संज्ञान लेते हुए प्रभागीय वनाधिकारी को संबंधित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश दिए थे। साथ ही अन्य लंबित मामलों की सूची तैयार कर तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने को कहा था। डीएम ने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों से पशुधन की क्षति होने पर प्रभावित परिवारों को समयबद्ध आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए।
प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के साथ पशुपालकों को राहत देना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी की जा रही है। झाड़ी कटान, सोलर व फॉक्स लाइट लगाने और ग्रामीणों को जागरूक करने जैसे एहतियाती उपाय भी किए जा रहे हैं। पशुधन क्षति के मामलों में जांच और आकलन के बाद पात्र पशुपालकों को नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह