Live VNS

उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्यों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन: बलजीत सोनी

उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्यों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन: बलजीत सोनी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

देहरादून, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के नामित सदस्यों का मासिक मानदेय छह हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किए जाने की मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी ने शनिवार को बताया कि मुख्यमंत्री से शुक्रवार को भेंट कर आयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई है। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से आयोग के नामित सदस्यों के मानदेय में वृद्धि का मुद्दा उठाया।

सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि आयोग के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण, जनसुनवाई, बैठकों और निरीक्षण के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदायों की समस्याओं के निराकरण तथा उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें वर्तमान में मात्र छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो उनके कार्यों और दायित्वों की तुलना में काफी कम है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग और उत्तराखंड के अन्य आयोगों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां नामित सदस्यों का मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। ऐसे में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्यों को भी समान कार्य और दायित्वों के आधार पर समान मानदेय दिया जाना चाहिए।

सोनी ने इस संबंध में 16 नवंबर को मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर भी मानदेय वृद्धि का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि आयोग अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए मानदेय वृद्धि के संबंध में उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…