एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर किसान सभा का प्रदर्शन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
गोपेश्वर, 26 नवंबर (हि.स.)। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी समेत किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर गुरुवार को उत्तराखंड किसान सभा की चमोली इकाई ने जिला मुख्यालय गोपेश्वर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सभी कृषि उपजों की एमएसपी पर गारंटीकृत खरीद सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाने की मांग की।
किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने से खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। उन्होंने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप फसलों का समर्थन मूल्य उत्पादन लागत (सी2) पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा कानून बनाए, जिससे किसानों को अपनी उपज घोषित समर्थन मूल्य से कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े।
प्रदर्शनकारियों ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3,200 रुपये प्रति क्विंटल करने और बटाईदार किसानों को भी एमएसपी का लाभ देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि धान का घोषित समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल होने के बावजूद किसानों को बाजार में करीब 1,850 रुपये ही मिल रहे हैं। इस अंतर से किसानों को प्रति एकड़ लगभग 30 हजार रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसान सभा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की वार्षिक सहायता राशि बढ़ाने, सभी फसलों की सरकारी खरीद व्यवस्था मजबूत करने तथा छोटे, सीमांत और बटाईदार किसानों को भी सरकारी खरीद प्रणाली से जोड़ने की मांग की।
किसान सभा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी जारी रहने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में भूपाल सिंह रावत, मदन मिश्रा, ज्ञानेंद्र खंतवाल, नंदन कठैत, गीता बिष्ट, कुंवर राम और कमलेश गौड़ समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल