Live VNS

राष्ट्र और धर्म सर्वोपरि है - स्वामी विज्ञानानंद

राष्ट्र और धर्म सर्वोपरि है - स्वामी विज्ञानानंद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 12 नवंबर (हि.स.)। श्रीगीता विज्ञान आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि राष्ट्र और धर्म सर्वोपरि है। जो राजा या शासक राष्ट्रधर्म का निर्वाह करता है, जनता उससे प्रसन्न रहती है।

विष्णु गार्डन स्थित गीता विज्ञान आश्रम में धर्मग्रंथ और मानव जीवन पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम अवतारी पुरुष होने के साथ ही अच्छे शासक भी थे। इसीलिए उनको राजा रामचंद्र के नाम से संबोधित किया जाता है।

एक अच्छे शासक के गुणों की व्याख्या करते हुए स्वामी विज्ञानानंद ने कहा कि सनातन धर्म के सभी देवी-देवता कोई न कोई अस्त्र-शस्त्र अवश्य रखते हैं। राजा को माला और भाला दोनों को आत्मसात करना होता है।

भगवान राम के गुणों का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि मधुरभाषी, बलवान, निर्मल, मर्मज्ञ, दूरदर्शी, सहनशील, धर्मज्ञ और राजनीतिज्ञ जैसे सभी गुण भगवान राम में विद्यमान थे। बिना अपनी जनहानि और धनहानि के वन्य जीवों की सेना बनाकर लंका पर विजय करने जैसे दर्जनों प्रसंगों का विस्तार से वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि जब धर्म की हानि होती है, तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतरित होकर जनसामान्य का कल्याण करते हैं।

उन्होंने कहा कि अब वह समय आ रहा है, जब दुष्प्रवृत्तियों का शमन होगा और सत्पुरुषों का कल्याण होगा। इस अवसर पर कई संतों, विद्वान कथावाचकों तथा आचार्यों ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन हरिकेश ब्रह्मचारी ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…