Live VNS

पतंजलि विश्वविद्यालय ने उत्साह के साथ मनाया 9वां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस

पतंजलि विश्वविद्यालय ने उत्साह के साथ मनाया 9वां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)।पतंजलि विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज (एफएनवाईएस) की ओर से नौवां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा एवं स्वस्थ भारत’ रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वस्तिवाचन और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की प्रति-कुलपति साध्वी डॉ. देवप्रिया ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. बीटी चिदानंद मूर्ति ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व और वर्तमान स्वास्थ्य परिदृश्य में इसकी प्रासंगिकता पर विचार रखे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए पोस्टर, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर प्रतियोगिता में भूमि गोयल एवं योजा विजयवार के समूह ने प्रथम, देवांशी ने द्वितीय तथा आंचल, सुमति एवं प्रगति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में सबूरी (डीएनवाईटी) प्रथम, हर्षवर्धन द्वितीय और दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में टीम ‘सेपियंस’ ने प्रथम, ‘वाइटलिक्स’ ने द्वितीय और ‘अचीवर्स’ ने तृतीय स्थान हासिल किया।

विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत प्राकृतिक चिकित्सा विषयक सांस्कृतिक नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ भारत के निर्माण में प्राकृतिक चिकित्सा, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. संगीता शर्मा ने किया। समन्वय की जिम्मेदारी डॉ. सिद्धार्थ यादव ने निभाई, जबकि धन्यवाद ज्ञापन फैकल्टी के विभागाध्यक्ष डॉ. नागराज ने किया। सभी अतिथियों का स्वागत फैकल्टी के डीन डॉ. एनएस गणेश अय्यर ने किया।

इस अवसर पर स्वामी अर्शदेव, स्वामी आर्यदेव, डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. सत्येंद्र मित्तल, डॉ. ऋत्विक सहाय बिसारिया, डॉ. एके सिंह, डॉ. कृष्ण चांडक, डॉ. वीके कटियार, डॉ. सांवर सिंह सहित विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…