Live VNS

ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ, 1000 से अधिक पंजीकरण

ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ, 1000 से अधिक पंजीकरण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

ऋषिकेश, 22 नवंबर (हि.स.)। परमार्थ निकेतन में रविवार को विशाल नेत्र चिकित्सा एवं निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का शुभारम्भ हुआ। परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और साध्वी भगवती सरस्वती ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। शिविर के लिए अब तक 1000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है। इसमें देश-विदेश से आए विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि आंखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं। इनके माध्यम से व्यक्ति प्रकृति की सुंदरता और जीवन के विभिन्न रंगों को देख पाता है। परमार्थ निकेतन की सेवा परंपरा का मूल मंत्र नर सेवा ही नारायण सेवा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों से आए नेत्र विशेषज्ञों का गंगा तट पर मानवता की सेवा के लिए एकजुट होना वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को साकार करता है। चिकित्सा विज्ञान और मानवीय संवेदना का यह संगम अनेक लोगों के जीवन में नई आशा जगाएगा।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में इस तरह के शिविर जनहित में महत्वपूर्ण पहल हैं। मोतियाबिंद का समय पर उपचार होने से मरीज सामान्य जीवन में लौट सकते हैं। उन्होंने कहा कि परमार्थ निकेतन आध्यात्मिक, सामाजिक, पर्यावरणीय और मानवीय सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान दे रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है।

साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि किसी व्यक्ति को दृष्टि मिलना केवल उसकी आंखों का उपचार नहीं, बल्कि पूरे परिवार के जीवन में खुशियां लौटाने जैसा है। जब कोई बुजुर्ग दोबारा अपने परिवार को स्पष्ट देख पाता है या कोई जरूरतमंद बिना सहारे अपने दैनिक कार्य कर पाता है, तभी चिकित्सा सेवा का वास्तविक अर्थ सामने आता है। उन्होंने शिविर में सेवाएं देने पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों का आभार जताया।

शिविर में नेत्र शल्य चिकित्सकों, नेत्र रोग विशेषज्ञों, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट और ऑप्टोमेट्रिस्ट सहित विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों के विशेषज्ञों की टीम सेवाएं दे रही है। आयोजन में भारत सहित विभिन्न देशों से आए चिकित्सकों और स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।

परमार्थ निकेतन की ओर से पिछले 23 वर्षों से लगातार आयोजित किए जा रहे इस शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना है। शिविर में मोतियाबिंद के मरीजों की जांच और निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…