Live VNS

अर्पण यदुवंशी ने संभाला नैनीताल एसएसपी का पदभार

अर्पण यदुवंशी ने संभाला नैनीताल एसएसपी का पदभार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हल्द्वानी, 27 नवंबर (हि.स.)। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने काठगोदाम स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचकर पदभार संभाला। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

यदुवंशी उत्तरकाशी में एसपी रहते सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में घटना कमांडर की भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के अभियान में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय किया था। इसके अलावा एसडीआरएफ के सेनानायक रहते प्रयागराज महाकुंभ 2025 और अगस्त 2025 की धराली आपदा में राहत एवं बचाव कार्यों का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में एसडीआरएफ को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन भी मिला।

उन्हें मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक, महाकुंभ सेवा पदक और प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। नैनीताल में उनके सामने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…