Live VNS

गुरुकुल में एनएसएस अधिकारियों के सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

गुरुकुल में एनएसएस अधिकारियों के सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारियों के सात दिवसीय आवासीय अभिविन्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के एनएसएस प्रकोष्ठ एवं एम्पैनल्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रशिक्षण 30 नवंबर तक चलेगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से प्रायोजित कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के 33 एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं।

विश्वविद्यालय के सीनेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और एनएसएस गीत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनैना रावत ने कहा कि एनएसएस का मूल ध्येय वाक्य ‘मैं नहीं, बल्कि आप’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन और कार्यशैली में अपनाने वाला सिद्धांत है। एनएसएस का उद्देश्य युवाओं में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।

जिला समन्वयक डॉ. एसपी सिंह ने एनएसएस के दर्शन, मूल सिद्धांतों और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम अधिकारियों को सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग एवं समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी जगदीश पाहवा ने कहा कि समाज सेवा से ही राष्ट्र सेवा का मार्ग प्रशस्त होता है।

विश्वविद्यालय की एनएसएस एवं ईटीआई समन्वयक प्रो. संगीता मदान ने सात दिवसीय प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान एनएसएस की कार्यप्रणाली, नेतृत्व विकास, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक सेवा से जुड़े विषयों पर शैक्षणिक सत्रों के साथ व्यावहारिक एवं क्षेत्रीय गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. संगीता मदान ने की, जबकि संचालन डॉ. सरिता नेगी ने किया। इस अवसर पर डॉ. मयंक पोखरियाल, डॉ. विनीत विश्नोई, नवीन चंद, सुमित पुरोहित, नवीन कुमार, कृष्णवीर सिंह, नवदीप भारद्वाज, राजेश कुमार, अशोक कुमार, राहुल कुमार, संजीव कुमार, गोविंदाचारी और कृष्णा चौधरी सहित विभिन्न संस्थानों के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…