Live VNS

बजरंग दल ने पटेलनगर लूट की उच्चस्तरीय जांच की मांग की, एसएसपी ने एसपी ग्रामीण को सौंपी जांच

बजरंग दल ने पटेलनगर लूट की उच्चस्तरीय जांच की मांग की, एसएसपी ने एसपी ग्रामीण को सौंपी जांच

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-बजरंग दल ने एसएसपी से मिलकर की पटेलनगर थाने के इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग

एसएसपी बाेले-जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

देहरादून, 14 नवंबर (हि.स.)। पटेलनगर थाने में दर्ज एक मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र सिंह डोबाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने अपने कार्यकर्ता के साथ कथित मारपीट, दुर्व्यवहार और न्यायालय में पेशी के दौरान परेड कराए जाने के मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक वैभव वालिया और विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री अजय कुमार , विकास वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने पटेलनगर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और थाना प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी भी की।

संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ता के साथ पुलिस ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से कार्रवाई की। उन्होंने थाने के परिसर में कथित मारपीट और बर्बरतापूर्ण व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि न्यायालय में पेशी के दौरान कार्यकर्ता की परेड क्यों निकाली गई और इसके आदेश किसने दिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बजरंग दल के नेताओं ने कहा कि संगठन अपने कार्यकर्ता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस कार्यालय पहुंचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे भी संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच से पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आनी चाहिए।

वहीं, एसएसपी परमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पटेलनगर थाने में इस संबंध में मामला पंजीकृत किया गया था और उसकी विवेचना जारी है। उन्होंने कहा कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। विवेचना में किसी प्रकार की गलत कार्रवाई न हो और जांच निष्पक्ष तरीके से हो, इसके लिए मामले की जांच सिटी सर्किल से हटाकर एसपी ग्रामीण जया बलूनी को सौंपी जा रही है। एसएसपी ने कहा कि यदि जांच में कोई पुलिस अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुराने घटनाक्रम के अनुसार,देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में सात नवंबर को इंद्रेश अस्पताल के पास हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग दल से जुड़ा कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी भी शामिल है। बजरंग दल ने गिरफ्तार 22 वर्षीय कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी के साथ हिरासत में कथित मारपीट, बर्बरता और फर्जी एनकाउंटर की धमकी देने के आरोप लगाए थे। संगठन ने पुलिस की जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच और सीबीआई जांच की मांग की थी। सीसीटीवी फुटेज, बैग और कथित बरामदगी को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…