Live VNS

पौड़ी शरदोत्सव में दिखेगी पहाड़ की संस्कृति और प्रतिभाओं की झलक, 16 से होगा आगाज

पौड़ी शरदोत्सव में दिखेगी पहाड़ की संस्कृति और प्रतिभाओं की झलक, 16 से होगा आगाज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

पौड़ी गढ़वाल, 13 नवंबर (हि.स.)। पहाड़ की संस्कृति, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौड़ी में 16 से 18 नवंबर तक शरदोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभिन्न प्रतियोगिताओं और पर्यटन गतिविधियों के जरिए पौड़ी की पहचान को नई ऊंचाई देने की तैयारी है। आयोजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने संबंधित विभागों, नगर पालिका और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि शरदोत्सव के तहत फुटबॉल प्रतियोगिता 14 नवंबर से शुरू होगी। वहीं, मुख्य आयोजन में फोटोग्राफी व पेंटिंग प्रदर्शनी, झांकियां, बेबी शो, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान, मेहंदी, रंगोली और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ 16 नवंबर की शाम नाइट सफारी भी महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि शरदोत्सव को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए पौड़ी की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन को बढ़ावा देने का मंच बनाया जाए। इसमें युवाओं, कलाकारों, स्थानीय नागरिकों और स्वयं सहायता समूहों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नाइट सफारी के लिए रूट प्लान, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा।

हिमानी नेगी ने बताया कि पौड़ी के पर्यटन को नई पहचान दिलाने के लिए 'पौड़ी एक पहल' के तहत पर्यटन गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपते हुए साफ-सफाई, सजावट, विद्युत व्यवस्था, मंच संचालन और स्टॉल प्रबंधन समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…