Live VNS

आठवें दिन भी जारी रहा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का धरना, कांग्रेस ने दिया समर्थन

आठवें दिन भी जारी रहा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का धरना, कांग्रेस ने दिया समर्थन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 19 नवंबर (हि.स.)। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का धरना आठवें दिन भी जारी रहा। प्रदेश महामंत्री ममता बादल के नेतृत्व में पंडित गोविंद बल्लभ पंत पार्क, देवपुरा और जिला अध्यक्ष रितेश चौहान के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय, रोशनाबाद में कार्यकत्रियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

इस दौरान ममता बादल और रितेश चौहान ने कहा कि पूर्व में दिए गए आश्वासनों के बावजूद मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इससे कार्यकत्रियों में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकत्रियां सीमित संसाधनों के बीच पोषण, मातृ-शिशु कल्याण, सर्वेक्षण और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर उन्हें बिना पेंशन और सामाजिक सुरक्षा के सेवा से अलग कर दिया जाता है।

धरने को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा और वरिष्ठ नेता मनोज सैनी ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के नाम पर केवल नारेबाजी कर रही है।

कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विकास की जिम्मेदारी संभालने वाली मंत्री पर 210 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं।

आलोक शर्मा ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस उनकी मांगों के साथ खड़ी है और प्रदेश में सरकार बनने पर सहानुभूतिपूर्वक समाधान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…