मंगलौर को मिली विकास की सौगात, लिब्बरहेड़ी में बनेगा कन्या डिग्री कॉलेज और गंगनहर पर पुल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराने की घोषणा से क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर के समग्र विकास और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण कराने, मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण कराने की भी घोषणा की। इसके अलावा टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध निर्माण कराया जाएगा। ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर उन्होंने परीक्षण कराने का आश्वासन दिया।
गन्ना मूल्य बढ़ाने पर जल्द होगा निर्णय
रैली में किसानों के मुद्दे भी प्रमुखता से उठे। मुख्यमंत्री ने गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग पर कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती है। पिछले वर्ष भी मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि लागत कम करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त कृषि ऋण, निःशुल्क नहर सिंचाई और कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
विकास योजनाओं का भी गिनाया लेखा-जोखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर अपनी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है, जबकि लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं। 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
35 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखंड के किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी जा चुकी है। सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और मुफ्त राशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव पात्र लोगों तक पहुंचा रही है।
मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान दिवस मनाने और उनके जीवन से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों की आय में वृद्धि और मातृशक्ति का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सदस्य कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौंपियन, ब्लॉक प्रमुख कविंद्र चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी नवनीत सिंह भुल्लर और सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला