Live VNS

हिमालय की तरह अडिग और गंगा की तरह निरंतर तीसरी बार प्रवाहमान रहेगी भाजपा सरकार : राजनाथ सिंह

हिमालय की तरह अडिग और गंगा की तरह निरंतर तीसरी बार प्रवाहमान रहेगी भाजपा सरकार : राजनाथ सिंह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार हिमालय की तरह अडिग और गंगा की तरह निरंतर प्रवाहमान रहेगी। उत्तराखंड में भाजपा का संगठन देवदार के वृक्ष की तरह मजबूत है। कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता का पार्टी के प्रति विश्वास तीसरी बार भी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का आधार बनेगा।

हरिद्वार स्थित प्रेम नगर आश्रम में रविवार को भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि यह बैठक केवल संगठनात्मक आयोजन नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव में पहले से अधिक बहुमत के साथ सरकार बनाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड की अस्मिता, संस्कृति और विकास की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं के प्रति उनके मन में श्रद्धा और कृतज्ञता का भाव है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में उन्हें कार्यकर्ताओं के साथ काम करने का अवसर मिला है। आज उन्हीं कार्यकर्ताओं के परिश्रम से संगठन का विस्तार हुआ है और बड़ी संख्या में नए लोग पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलताओं के पीछे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व, विकास कार्य, जनकल्याण की भावना और कार्यकर्ताओं की मेहनत है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा की असली ताकत सरकार नहीं, बल्कि उसका मजबूत संगठन है। संगठन को जीवंत बनाए रखने के लिए निरंतर संवाद और कार्यकर्ताओं से संपर्क जरूरी है। भाजपा केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि देश और प्रदेश को बदलने के उद्देश्य से काम करती है। सत्ता रहे या न रहे, पार्टी राष्ट्रहित और जनहित के मुद्दों पर अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी।

उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं चलने देने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा उसी वैचारिक धारा को आगे बढ़ा रही है। पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम के विचारों से प्रेरित है। समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचना ही सरकार की सफलता का वास्तविक पैमाना होना चाहिए।

कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ मंत्र:-

राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए नौ मंत्र दिए। उन्होंने निरंतर संगठनात्मक संवाद बनाए रखने, जनता का भरोसा जीतने, डिजिटल माध्यमों से जनसंपर्क बढ़ाने, व्यक्तिगत हमलों से बचने, युवाओं को संगठन से जोड़ने, विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने, सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने, नैतिकता और अनुशासन बनाए रखने तथा आपसी एकजुटता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को मंत्री या विधायक बनने के बाद संगठन से और अधिक जुड़ना चाहिए। किसी दुर्घटना या संकट के समय भाजपा कार्यकर्ता सबसे पहले सहायता के लिए पहुंचने वाला व्यक्ति होना चाहिए। सोशल मीडिया का इस्तेमाल केवल प्रचार के लिए नहीं, बल्कि जनता की प्रतिक्रिया और समस्याओं को समझने के लिए भी किया जाना चाहिए।

उत्तराखंड सरकार के कामकाज की सराहना:

रक्षा मंत्री ने उत्तराखंड सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, निवेश, रोजगार, स्टार्टअप, अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई और चारधाम विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पूर्ण साक्षर राज्य बना है और समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य है।

उन्होंने केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान और चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को प्रदेश की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उत्तराखंड की सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गढ़वाल और कुमाऊं रेजिमेंट देश की रक्षा में यहां के लोगों की वीरता और योगदान की पहचान हैं। सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए राज्य सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को केवल गिनाना नहीं है, बल्कि जनता को यह बताना है कि इन योजनाओं से उनके जीवन में क्या बदलाव आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ काम करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…