गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर समरसता संदेश यात्रा का उत्तराखंड में स्वागत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देहरादून, 24 नवंबर (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश लेकर निकली समरसता संदेश यात्रा का मंगलवार को उत्तराखंड पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने यात्रा का स्वागत किया। कुल्हाल से देहरादून तक विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं यात्रा संयोजक दीप्ति रावत भारद्वाज ने यात्रा के स्वागत में उमड़े जनसमर्थन के लिए सामाजिक संगठनों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार सामाजिक समानता, प्रेम, करुणा और भाईचारे का मार्ग दिखाते हैं। उनकी शिक्षाएं जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से मुक्त ऐसे समाज की स्थापना की प्रेरणा देती हैं, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान मिले।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास की शिक्षाएं आज भी सामाजिक समरसता और एकता के लिए प्रासंगिक हैं। सामाजिक समरसता केवल विचारों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे व्यवहार और जीवन में भी अपनाना जरूरी है। यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नई पीढ़ी को उनके जीवन दर्शन से परिचित कराना है।
समरसता संदेश यात्रा का कुल्हाल, हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, झाझरा, प्रेमनगर, बल्लीपुर चौक, किशन नगर चौक, बिंदाल पुल, घंटाघर, आराघर चौक, फव्वारा चौक और रिस्पना सहित विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह, कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्य मंत्री बलबीर घुनियाल, मुकेश कुमार, सुमेर चंद्र, स्वराज विद्वान, प्रदेश महामंत्री एवं यात्रा संयोजक दीप्ति रावत भारद्वाज, प्रदेश संयोजक संपर्क विभाग हरीश चमोली, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी और कमलेश रमन सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय