Live VNS

बूढ़ाकेदार में ट्रक की टक्कर से 35 वर्षीय युवक की मौत

बूढ़ाकेदार में ट्रक की टक्कर से 35 वर्षीय युवक की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

घनसाली, 16 नवंबर (हि.स.)। टिहरी गढ़वाल जिले के बूढ़ाकेदार क्षेत्र में सोमवार शाम ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने हायर सेंटर श्रीनगर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे सुरेंद्र सिंह (35) पुत्र गब्बर सिंह निवासी ग्राम मेड मारवाड़ी, बूढ़ाकेदार, स्कूटी से चमियाला से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चानी मोड़ के पास ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 108 एंबुलेंस सेवा से हायर सेंटर श्रीनगर रेफर कर दिया। हालांकि, श्रीनगर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

थानाध्यक्ष प्रशांत बहुगुणा ने युवक की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल को गंभीर हालत में श्रीनगर रेफर किया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…