Live VNS

तिलवाड़ा-तैला के पास गहरी खाई में गिरा वाहन, तीन की मौत, पांच घायल

तिलवाड़ा-तैला के पास गहरी खाई में गिरा वाहन, तीन की मौत, पांच घायल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रुद्रप्रयाग, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में रविवार को तिलवाड़ा-जखोली क्षेत्र के अर्जुन बैड के पास आठ लोगों से भरा ईको वाहन अनियंत्रित होकर करीब 350 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। मृतकों में वाहन चालक और दो महिलाएं शामिल हैं।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, रविवार को तहसील जखोली के अंतर्गत अर्जुन बैड, कुरछोला-जखनोली के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन सवार सभी लोग कुरछोला से जखनोली में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। एसडीआरएफ ने डीडीआरएफ और अग्निशमन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर खाई से मृतकों के शव निकालकर सड़क तक पहुंचाए और पुलिस के सुपुर्द किए।

प्रशासन के अनुसार, दो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली, एक को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया, जबकि दो अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार (44) निवासी कुरछोला, बसंती देवी (52) और सुनीता देवी (35), दोनों निवासी ग्राम तैला की मौत हो गई। हादसे में सतपाल सिंह पंवार, शिवानी (15), दिव्यांशी (13), अंजली (26) और सुमीता घायल हो गईं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…