प्रीतम के नाम रही त्रिवेणी कौथिग की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई टिहरी, 28 नवंबर (हि.स.)। नगर पालिका टिहरी की ओर से आयोजित त्रिवेणी कौथिग की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण और उनकी टीम के नाम रही। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी शानदार प्रस्तुति से मन मोहा। प्रीतम भरतवाण ने जागर और अपने हिट एलबम के गीतों की श्रृंखला से दर्शकों को देर रात तक पंडाल में झूमने पर मजबूर किया।
शुक्रवार शाम को बौराड़ी स्टेडियम में त्रिवेणी कौथिग की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी और पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। एडीएम नेगी ने पालिका के प्रयास की सराहना की। कहा कि किसी भी क्षेत्र की पहचान उसकी संस्कृति से होती है। पालिकाध्यक्ष रावत ने कहा कि पुरानी टिहरी की सभ्यता को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है।
टीएचडीसी के डीजीएम मोहन सिंह श्रीस्वाल ने कहा कि मेले आपसी मेल जोल और भाईचारे का माध्यम होते हैं। इसके बाद जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने मंच संभाला तो दर्शक झूमने पर मजबूर हुए। उन्होंने रूमा झूमा संध्या और मेरी हिमवंत देशा से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वहीं ग्रुप नृत्य लाडी बेडूले, मोरी रख्या खोली, मेरा मुलुक चली घुमी, कैमरा का बीच की दिलकश प्रस्तुति दी।
वहीं उनके भतीजे प्रद्युम्न भरतवाण ने भी राज राजेश्वरी जागर, बिन्दुली में उनका साथ दिया। प्रीतम ने जैसे हिट मेरी.....किमसारि हाट गीत गाया तो पंडाल में लोग झूमने लगे। वहीं सब कथा हवे गैन, सरुली, मेरी गजना, मोहन तेरी मुरली, सुन्दर छोरी स्यो पक्या, ताैंसा बाै, सरुली मेरु जिया लगीगे पर तालियां बटोरी। इससे पहले सेंट ऐंथोनी पब्लिक स्कूल, डायट टिहरी, पार्वती कीर्तिन मंडली, गीता भवन कीर्तन मंडली बौराड़ी, मॉडल स्कूल नई टिहरी, ऐश्वर्य ग्रुप, पीजी कॉलेज की प्रतियोगितात्मक स्पर्धा संपन्न हुई। इस मौके पर टीएचडीसी के प्रबंधक मनवीर नेगी, दीपक उनियाल, बीपीएस रावत, गिरीश उनियाल, सभासद पंचम तोपवाल, गुरू प्रसाद चमोली, प्रीति पोखरियाल, मानवेंद्र रावत, विनीत उनियाल, प्रवेश चौहान, शिव सिंह सजवाण, अरविंद जोशी आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी