पर्वतीय पर्यटन व आतिथ्य अध्ययन केंद्र में इंडस्ट्री एक्सपर्ट लेक्चर सीरीज़ प्रारंभ
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पौड़ी गढ़वाल, 26 नवंबर (हि.स.)। नई शिक्षा नीति के क्रम में व्यावसायिक पर्यटन शिक्षा पाठ्यक्रम के अंतर्गत पर्वतीय पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केंद्र में तीन दिवसीय इंडस्ट्री एक्सपर्ट लेक्चर सीरीज़ प्रारंभ हुई। इस श्रृंखला में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन उद्योग में बीस वर्ष से अधिक अनुभवी हरीश सुंदरियाल, सीनियर ट्रैवल एंड टूरिज्म प्रोफेशनल द्वारा व्याख्यान दिए जा रहे हैं।
केंद्र में पर्यटन छात्रों को सर्विस, ऑपरेशन, प्रोडक्शन व डेस्टिनेशन प्रबंधन जैसे विषयों पर उद्योग जगत के प्रयोगात्मक पक्ष की जानकारी प्रदान की जा रही है। हरीश सुंदरियाल प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और बीस से अधिक देशों में इंटरनेशनल टूर प्रोग्राम आयोजित करने का अनुभव रखते हैं। उनके व्याख्यानों में छात्र पर्यटन उद्योग की वास्तविक चुनौतियों, कार्यप्रणाली और वैश्विक अवसरों को समझ रहे हैं। केंद्र के निदेशक प्रोफेसर राकेश ड्योढ़ी ने व्याख्यान श्रृंखला का शुभारंभ करते हुए छात्रों से कहा कि सैद्धांतिक अध्ययन के साथ-साथ पर्यटन उद्योग के लिए आवश्यक आधुनिक पर्यटन प्रारूपों पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा के लिए प्रोफेसर इन प्रैक्टिस जैसे विशेषज्ञों के व्याख्यान अत्यधिक महत्वपूर्ण हैं। इस लेक्चर सीरीज़ से छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ उद्योग की जमीनी समझ भी मिलेगी, जो उन्हें भविष्य में पर्यटन क्षेत्र में बेहतर करियर के लिए तैयार करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह