Live VNS

माता भगवती देवी की जन्मशताब्दी समारोह की तैयारियां तेज

माता भगवती देवी की जन्मशताब्दी समारोह की तैयारियां तेज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 19 नवंबर (हि.स.)। वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी समारोह के द्वितीय चरण के द्वितीय पुष्प को लेकर शांतिकुंज एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित होने वाले इस समारोह में देश-विदेश से 30 हजार से अधिक गायत्री परिजनों के पहुंचने की संभावना हैआयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए कार्यक्रम स्थल, आवास, भोजनालय, यातायात, अतिथि सत्कार और मीडिया सेंटर सहित सभी व्यवस्थाओं में कार्यकर्ता पूरी तत्परता से जुटे हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन में विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों सहित विदेशों में सक्रिय गायत्री परिवार के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने बताया कि यह त्रिवेणी संगम है। पहला माताजी की जन्मशताब्दी, दूसरा अखंड दीप के प्राकट्य का सौ वर्ष और तीसरा युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना का सौ वर्ष। इसके माध्यम से सेवा, साधना और सामाजिक परिवर्तन के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी।

इसी बीच तैयारियों के मध्य शांतिकुंज महिला मंडल की प्रमुख श्रीमती शेफाली पण्ड्या का जन्मदिन सादगी और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महिला मंडल की बहनों ने उनके स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की। शांतिकुंज अधिष्ठात्री शैलदीदी, डॉ. चिन्मय पण्ड्या और व्यवस्थापक योगेंद्र गिरी सहित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं दीं।

इसके पश्चात शेफाली पण्ड्या ने कार्यक्रम स्थल पर वैदिक विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कर समारोह की सफलता और विश्व शांति की प्रार्थना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…