Live VNS

महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश लेकर 210 लोगों ने निकाली साइलेंट वॉकथॉन

महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश लेकर 210 लोगों ने निकाली साइलेंट वॉकथॉन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)।।महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन, सुरक्षा, सम्मान और समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को जागृति विमेन्स कॉन्फ्रेंस हरिद्वार सोसायटी की ओर से साइलेंट वॉकथॉन का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय महिला सम्मेलन के शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में केयर कॉलेज, डिवाइन कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज के विद्यार्थियों, संस्था के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों सहित 210 लोगों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह श्री भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, शंकर आश्रम चौक में हुआ। मुख्य अतिथि एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने कहा कि लड़कियों और महिलाओं को मानसिक, वैचारिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनना होगा। घर से बाहर निकलते समय यह संकल्प लेना चाहिए कि न किसी को प्रताड़ित करेंगे और न ही स्वयं अत्याचार सहन करेंगे। महिलाओं को पुलिस हेल्पलाइन और महिला सुरक्षा से जुड़े मोबाइल ऐप की जानकारी रखनी चाहिए। अनावश्यक रूप से मोबाइल और धारावाहिकों पर समय बिताने के बजाय आत्मसुरक्षा और आत्मविकास पर ध्यान देना चाहिए।

संस्था की संरक्षिका मंजुला भगत ने अखिल भारतीय महिला सम्मेलन की गौरवशाली विरासत पर प्रकाश डाला। उच्च न्यायालय के अधिवक्ता ललित मिगलानी ने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा गंभीर विषय है, साथ ही पुरुषों के सामने आने वाली प्रताड़ना पर भी संवेदनशीलता से विचार होना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशिमा श्रवण ने किया। सचिव डॉ. करुणा शर्मा ने अतिथियों और संस्थानों का आभार जताया। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन रवाना किया गया। प्रतिभागियों ने शांति और अनुशासन के साथ महिला सुरक्षा और हिंसामुक्त समाज का संदेश दिया। आयोजकों ने कहा कि वॉकथॉन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक महिला सुरक्षा, आत्मसम्मान और समानता का संदेश पहुंचाना था।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…