दुई गति बैशाख सुरमा मेरा मुलुक मेला... की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई टिहरी, 26 नवंबर (हि.स.)। चम्बा पर्यटन एवं विकास मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के समा बांधा। दर्शक देर रात तक उनके गीतों का लुत्फ उठाते दिखे। उन्होंने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया।
बादशाहीथौल के बंगचाली मैदान में चंबा पर्यटन एवं विकास मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने दीप जलाकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा ऐसे आयोजन लोगों को आपसी मेल-मिलाप का अवसर प्रदान करते हैं और क्षेत्रीय संस्कृति, परंपराओं तथा लोकजीवन से रूबरू कराते हैं। उन्होंने कहा कि मेले सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मेला समिति के अध्यक्ष व दुग्ध संघ प्रशासक सुशील रावत ने विधायक किशोर और गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी का स्वागत कर मेले के रूपरेखा बताई। इसके बाद नरेंद्र सिंह नेगी ने सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत ‘हे शिव अविनाशी, कैलाश वासी’ गीत से की। उन्होंने ‘बाबा दूधाधारी’, ‘त्वीं छैं’, ‘बाजूबंद सुल्पा की साज’, ‘आई पंचमी माऊ की’, ‘सुदी नी देखदू कैसणी’ और ‘फ्योंली बोलूं या बुरांश बोलूं’ गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘त्वीं छैं मेरी सौंज्ड्या’, ‘हिमवंत देश’, ‘सलाणा स्याली’, ‘दुई गति बैशाख सुरमा मेरा मुलुक मेला’ जैसे गीतों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
नेगी के गीतों ने मैदान में ऐसा माहौल बनाया कि हर उम्र के लोग लोक धुनों के साथ सुर मिलाते नजर आए। लोकगायक नेगी ने जनता की फरमाइश पर भी कई यादगार गीत गाए। इस मौके पर मेला समिति के संरक्षक प्रवीन रावत, सचिव पवनेश कुमार, हर्षमणि बहुगुणा, सभासद शक्ति जोशी, अरविन्द मखलोगा, वीरेंद्र सेमवाल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी