Live VNS

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की पुरस्कार राशि बढ़ी, खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने को मंजूरी

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की पुरस्कार राशि बढ़ी, खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने को मंजूरी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि बढ़ाने, खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने के प्रस्ताव को अनुमोदन दिया गया है।

प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को होमगार्ड जवानों के समान मानदेय देने के संबंध में समिति गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुमोदन किया है। इसके अतिरिक्त देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने को मंजूरी दी गई है। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन दिया है।

इसके साथ ही चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकना बडोला में श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये (एक करोड़ नौ लाख 88 हजार रुपये) की धनराशि स्वीकृत करने को मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया गया है। विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये की गई है। इसी प्रकार संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 1,000, 800 और 600 रुपये तथा राज्य स्तर पर 1,500, 1,000 और 700 रुपये से बढ़ाकर 2,000, 1,500 और 1,000 रुपये की गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रतियोगिता के ओवरऑल विजेता जिले को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने को मंजूरी दी है। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और आयोजन के लिए कुल बजट में भी यथोचित वृद्धि करने का अनुमोदन दिया गया है। इसमें प्रदेश के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…