Live VNS

आईआईटी के गोविंद भवन में छात्र का शव कमरे में मिला, जांच में जुटी पुलिस

आईआईटी के गोविंद भवन में छात्र का शव कमरे में मिला, जांच में जुटी पुलिस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हरिद्वार, 13 नवंबर (हि.स.)। आईआईटी रुड़की के गोविंद भवन में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में मिला। सूचना मिलते ही रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। क्षेत्राधिकारी भगवानपुर ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की जानकारी ली। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की देर रात आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली पुलिस को गोविंद भवन में एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना दी थी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, रात्रि अधिकारी ध्वजवीर सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस जब गोविंद भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर बीएस-10 में पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्डों की मदद से उसे खुलवाया गया। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। कमरे के अंदर छात्र मृत अवस्था में मिला।

मृतक की पहचान आयुष रजौरिया (20) पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी बांके बिहारी शरणम, राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने परीक्षण के बाद मृत्यु लगभग पांच से छह घंटे पहले होने की जानकारी दी।

घटनास्थल पर जोनल चेकिंग के दौरान मौजूद क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने छात्र के लैपटॉप का पासवर्ड के माध्यम से निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाने की कार्रवाई भी की।

इसके बाद पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…