Live VNS

सुशीला तिवारी अस्पताल में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की खुली पोल

सुशीला तिवारी अस्पताल में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की खुली पोल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हल्द्वानी , 26 नवंबर (हि.स.)। कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में लगातार मिल रही अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बाद जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने औचक छापा मारा। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की खराब व्यवस्था और अस्पताल परिसर में गंदगी देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।इस दौरान डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। सर्जरी वार्ड में निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए लगाए गए बेड पूरी तरह फटे हुए मिले। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को तत्काल बेड दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

वहीं, मरीजों को अस्पताल से बाहर की दवाइयां लिखे जाने की शिकायत पर भी डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और दवाइयों का समुचित लाभ मिलना चाहिए। इसके साथ ही रैन बसेरे की व्यवस्था सुधारने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और सुशीला तिवारी अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट (एमएस) भी मौजूद रहे। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…