पौड़ी के थानेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियां हुई तेज
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पौड़ी गढ़वाल, 12 नवंबर (हि.स.)। जनपद की मनियारस्यूं पट्टी के ग्राम थनूल स्थित प्राचीन सिद्धपीठ थानेश्वर महादेव मंदिर में 23 नवंबर की रात आयोजित होने वाले प्रसिद्ध बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में संतान प्राप्ति की कामना को लेकर होने वाले विशेष खड़ा दीप अनुष्ठान में शामिल होने वाले निस्संतान दंपतियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर समिति ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
मंदिर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष मनमोहन सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा-अर्चना और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। मंदिर समिति के अध्यक्ष जगमोहन डांगी ने बताया कि ग्रामवासियों के सहयोग से मंदिर परिसर में रंग-रोगन, विद्युत व्यवस्था और सजावट का कार्य किया जा रहा है।
वहीं महिला मंगल दल अध्यक्ष बसंती देवी के नेतृत्व में मंदिर परिसर और संपर्क मार्गों पर झाड़ियों का कटान तथा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान थनूल देवेंद्र सिंह रावत, मंदिर समिति के संरक्षक बीएस नयाल, सचिव दिगंबर सिंह नेगी, पूर्व प्रधान उमा देवी, विजय लक्ष्मी, बीरेंद्र दास, गीता देवी, मीना देवी, महेश्वरी देवी, सरोजनी देवी आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह