कुमाऊं विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को किया नमन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नैनीताल, 14 नवंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय में 14 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान को स्मरण किया गया। यह दिवस महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
भारत सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया था। इसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं, अधिकारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर संकायाध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि जनजातीय समुदाय भारतीय संस्कृति और सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी विशिष्ट जीवनशैली, लोककला, लोकसंगीत, पारंपरिक ज्ञान, सामाजिक व्यवस्था और प्रकृति के प्रति गहरा जुड़ाव भारतीय सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध बनाते हैं। जनजातीय परंपराओं और ज्ञान का संरक्षण करने के साथ उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भी आवश्यक है। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे समाज में सम्मान, समानता और समावेशिता की भावना को प्रोत्साहित करें।
मुख्य वक्ता प्रो. ललित मोहन पांडेय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान जननायक के रूप में सदैव स्मरण किये जाएंगे। उन्होंने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान, सामाजिक अस्मिता और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष स्वतंत्रता के साथ सामाजिक न्याय, आत्मसम्मान और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा का भी प्रतीक है। युवा पीढ़ी को उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक उप्रेती ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों, शैक्षिक उन्नयन और सामाजिक सशक्तीकरण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। शिक्षा जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। विद्यार्थियों को जनजातीय नायकों के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से परिचित कराना आवश्यक है।
डॉ. सरोज शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज की लोकसंस्कृति, लोककला, लोकगीत, नृत्य, रीति-रिवाज और पारंपरिक जीवन मूल्य हमारी सांस्कृतिक विविधता को विशिष्ट पहचान देते हैं। प्रकृति के साथ उनका संतुलित सह-अस्तित्व पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का महत्वपूर्ण संदेश देता है। वहीं, डॉ. तेज प्रकाश जोशी ने कहा कि भारत की एकता और अखंडता उसकी सांस्कृतिक विविधता में निहित है।
जनजातीय समाज ने स्वतंत्रता, सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे नायकों का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और समानता तथा भाईचारे की भावना बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
मुख्य वक्ता डॉ. हेम चंद्र पांडे ने भी जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय समाज की परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन, शैक्षिक सशक्तीकरण और सामाजिक सम्मान का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों एवं युवाओं से जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जानने और उनकी विरासत का सम्मान करने का आह्वान किया गया।
जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत शिक्षा विभाग में आयोजित प्रतियोगिता में कुलदीप कोहली ने प्रथम, पूजा बोरा ने द्वितीय तथा श्वेता सिंह और कृतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मनीष कोहली और रिया लोहनी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम में प्रो. ललित तिवारी, प्रो. ललित मोहन पांडेय, डॉ. अशोक उप्रेती, डॉ. पुष्पा अधिकारी, डॉ. तेज प्रकाश जोशी, डॉ. वर्षा पंत, डॉ. आकांक्षा शैली, डॉ. सरोज शर्मा, डॉ. लक्ष्मण सिंह, डॉ. हेमा मेहरा, डॉ. दीपिका भट्ट, डॉ. शाहिद हुसैन, डॉ. ललिता जोशी, डॉ. सुरभि बिष्ट, हेम पांडे, डॉ. गीता तिवारी पांडे, हरीश, सुमन और शिक्षा विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी