पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 52 केंद्रों पर 2० हजार से अधिक परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जनपद में कुल 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 20,958 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें रुड़की में 16 और हरिद्वार में 36 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 10 से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 से 4 बजे तक आयोजित होगी।
प्रत्येक केंद्र पर दो सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक केंद्र प्रभारी और सुरक्षा के लिए पांच पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी केंद्रों पर जैमर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा-163 लागू रहेगी।
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश के दौरान सघन जांच की जाएगी। बैठक में परीक्षा की विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला