उत्तराखंड में शुष्क रहेगा मौसम, पर्वतीय घाटियों में कोहरे के आसार, बारिश-बर्फबारी की संभावना नहीं

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देहरादून, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में इस सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 28 नवंबर तक प्रदेश के सभी 13 जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में अगले दो दिन कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। इस दौरान बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक 23 और 24 नवंबर को पर्वतीय जनपदों की घाटियों में कोहरा छा सकता है। इसके बाद 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 से 26 नवंबर तक प्रदेश के किसी भी जनपद के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।
राजधानी देहरादून में सोमवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इससे पहले जारी दैनिक मौसम रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक दर्ज किया गया था।
मौसम शुष्क रहने से चारधाम सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों और यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि पर्वतीय घाटियों में सुबह के समय कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में पर्वतीय मार्गों पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय