गंगा घाटों पर वेंडिंग जोन की मांग को लेकर महिला स्ट्रीट वेंडर्स का नगर निगम में धरना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हरिद्वार, 27 नवंबर (हि.स.)। गंगा के घाटों पर बिंदी, चूड़ी, फूल-प्रसाद बेचने वाली रेड़ी-पटरी की महिला स्ट्रीट वेंडर्स ने शुक्रवार को नगर निगम पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया।
महिला वेंडर्स ने मांग की कि कुंभ मेला 2027 की विकास योजनाओं में वर्ष 2018 की सर्वे सूची में शामिल महिला स्ट्रीट वेंडर्स को विष्णु घाट, ललतारो घाट, अलकनंदा घाट इत्यादि क्षेत्रों में वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित व स्थापित किया जाए।
धरने को लघु व्यापार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वनिधि योजना के तहत नगर निगम प्रशासन द्वारा बैंकों के माध्यम से महिला स्ट्रीट वेंडर्स को 25 हजार से 50 हजार रुपये तक के लोन दिए जा रहे हैं। ऐसे सभी लोन प्राप्त रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को गंगा घाटों पर वेंडिंग जोन के रूप में समाहित किया जाना न्यायसंगत होगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों पर विचार नहीं किया गया तो 24 नवंबर के बाद नगर निगम प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा और उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धरने में कामिनी मिश्रा, बबीता देवी, सीमा देवी, इंदिरा, पुष्पा दास, सुमित्रा देवी, मंजू पाल, सुनीता चौहान, आशा देवी, सुमन गुप्ता आदि शामिल रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला