Live VNS

मायागंज अस्पताल की ओपीडी में चार दिनों से अल्ट्रासाउंड ठप, रोजाना लौट रहे 50 से अधिक मरीज

मायागंज अस्पताल की ओपीडी में चार दिनों से अल्ट्रासाउंड ठप, रोजाना लौट रहे 50 से अधिक मरीज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। पूर्वी बिहार के सबसे बड़े चिकित्सा केंद्र जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल यानी मायागंज अस्पताल की ओपीडी में पिछले चार दिनों से अल्ट्रासाउंड जांच सेवा पूरी तरह ठप पड़ी है। अस्पताल के पुरुष अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र की मशीन में आई तकनीकी खराबी के कारण दूर-दराज के जिलों और ग्रामीण इलाकों से आए प्रतिदिन 50 से अधिक मरीजों को बिना जांच कराए ही निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।

वर्तमान में अस्पताल परिसर में जांच बंद होने का सबसे ज्यादा असर गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर पड़ रहा है। पेट दर्द, पथरी और अन्य गंभीर आंतरिक समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को डॉक्टरों द्वारा अल्ट्रासाउंड की सलाह दी जा रही है, लेकिन केंद्र पर ताला लटका होने या मशीन खराब होने की सूचना मिलने से उनकी परेशानी बढ़ गई है।

बैजनाथपुर सहित अन्य इलाकों से पहुंचे मरीजों का कहना है कि सरकारी व्यवस्था ठप होने के कारण या तो उन्हें दोबारा किराया खर्च कर अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, या फिर मजबूरी में बाहर निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों पर मोटी रकम खर्च कर जांच करानी पड़ रही है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अल्ट्रासाउंड मशीन में आई खराबी को दूर करने के लिए संबंधित तकनीकी कंपनी और इंजीनियर को सूचना दे दी गई है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए सोमवार या मंगलवार तक इंजीनियर के भागलपुर पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद मशीन की मरम्मत कर जांच सेवा को पुनः बहाल किया जा सकेगा। तब तक मरीजों को वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण इंतजार करना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…