पढ़ाई के साथ खेल और संस्कृति का संगम: कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज में तीन दिवसीय 'उमंग 2026' का भव्य शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कटिहार, 19 नवंबर (हि.स.)। कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में गुरुवार को तीन दिवसीय खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव 'उमंग 2026' का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कोलासी के प्राचार्य हरेराम कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता बबन झा एवं इंजीनियरिंग कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रंजना कुमारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन के अलावा खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी विशिष्टता सिद्ध करने का अवसर मिलता है, जो उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में सहायक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'विकसित भारत' का संकल्प और बिहार सरकार द्वारा खेल गतिविधियों को दिया जा रहा बढ़ावा युवाओं में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है। वहीं, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य हरेराम कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें देश के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का बोध कराया।
इससे पूर्व कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रंजना कुमारी ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। समारोह की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गान से हुई, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, इस त्रिदिवसीय महोत्सव के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह