चिंतपूर्णी महोत्सव, 100 कलाकारों ने दिया ऑडिशन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
ऊना, 27 नवंबर (हि.स.)। माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए आयोजित दो दिवसीय ऑडिशन शुक्रवार को डिग्री कॉलेज अंब में सम्पन्न हो गए। ऑडिशन में ऊना सहित अन्य जिलों के करीब 100 कलाकारों ने गायन, नृत्य सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। पहले दिन 27 और दूसरे दिन करीब 70 कलाकारों ने ऑडिशन दिया।
श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुका यह आयोजन कम समय में ही लोगों के बीच अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे प्रदेश की लोक संस्कृति और कलाकारों को व्यापक मंच मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में भाग लेने का आह्वान किया।
मेला समिति के संयोजक एवं एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने कहा कि स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने और क्षेत्र की लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ऑडिशन आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि नामी कलाकारों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी गई है।
उन्होंने बताया कि 4 से 6 दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 4 दिसंबर को शोभायात्रा के साथ होगा। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं, स्कूली विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों का आयोजन होगा। तीनों दिन की सांस्कृतिक संध्याएं मेले का मुख्य आकर्षण रहेंगी, जिनमें हिमाचली लोक कलाकारों के साथ पंजाबी गायक भी प्रस्तुतियां देंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल