शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे चाचा-भतीजे की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
अजमेर, 27 नवंबर (हि.स.)। किशनगढ़ में परिचित की शादी में शामिल होकर स्कूटर से पुष्कर लौट रहे चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में मौत हो गई। अजमेर-पुष्कर बायपास पर कायड़ तालाब की पुलिया के पास तेज रफ्तार कार ने उनके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर के परखच्चे उड़ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पुष्कर के माली मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
पुष्कर के माली मोहल्ला निवासी हुकमचंद दगदी (40) पुत्र पूनमचंद और यश दगदी (23) पुत्र त्रिलोकचंद आपस में चाचा-भतीजे थे। दोनों किशनगढ़ में एक परिचित के विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह में शामिल होने के बाद दोनों स्कूटर से पुष्कर लौट रहे थे। इसी दौरान अजमेर-पुष्कर बायपास पर कायड़ तालाब की पुलिया के पास तेज रफ्तार कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्ष रूप से हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर चोटों के कारण हुकमचंद और यश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों और अन्य माध्यमों से फरार वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे में जान गंवाने वाला यश अविवाहित था, जबकि हुकमचंद शादीशुदा था। हुकमचंद के परिवार में 16 वर्षीय बेटा और छोटी बेटी है। बेटा दसवीं और बेटी छठी कक्षा में पढ़ती है। शादी समारोह की खुशियों के बीच घर लौट रहे चाचा-भतीजे की अचानक मौत की खबर जैसे ही परिजनों और परिचितों तक पहुंची, माहौल मातम में बदल गया। पुष्कर के माली मोहल्ले में शोक छा गया और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित