Live VNS

यूनिक्लो की राजस्थान में एंट्री, जयपुर के पैसिफिक मॉल में खोला पहला स्टोर

यूनिक्लो की राजस्थान में एंट्री, जयपुर के पैसिफिक मॉल में खोला पहला स्टोर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। जापान की ग्लोबल अपैरल रिटेलर कंपनी यूनिक्लो ने राजस्थान में अपना पहला स्टोर जयपुर के पैसिफिक मॉल में खोला है। इसके साथ ही कंपनी ने प्रदेश के बाजार में प्रवेश किया है। करीब 14 हजार 500 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला यह स्टोर भारत में कंपनी का 22वां स्टोर है। यहां पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए कपड़ों की विस्तृत रेंज उपलब्ध कराई गई है।

स्टोर में कंपनी का फॉल-विंटर कलेक्शन भी पेश किया गया है। इसमें हीटटेक, फ्लीस, पफटेक, सूफ्ले यार्न, निटवेयर और यूनीक्लो : सी जैसे कलेक्शन शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, ये उत्पाद रोजमर्रा की जरूरतों और अलग-अलग जीवनशैली को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।

स्टोर के उद्घाटन समारोह में स्थानीय संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिली। रिबन कटिंग कार्यक्रम में शामिल लोगों ने यूनिक्लो के खास लाल रंग से मेल खाते रंगों के साफे पहने। कंपनी ने जयपुर में अपनी शुरुआत को खास बनाने के लिए स्थानीय संस्थाओं और कलाकारों के साथ कई पहल भी की हैं।

इसके तहत प्रिंसेस दीया कुमारी फाउंडेशन के साथ मिलकर यूटीमी (UTme!) टी-शर्ट का विशेष कलेक्शन तैयार किया गया है, जिसमें जयपुर की संस्कृति और पहचान को दर्शाया गया है। वहीं, जयपुर की कलाकार श्रेया पराशरमपुरिया के साथ तैयार किया गया एक विशेष चित्र गुलमेहर फाउंडेशन के सहयोग से हाथ से बनाए गए टोट बैग पर प्रिंट किया गया है।

कंपनी ने 'जयपुर वेयर्स लाइफवियर' अभियान के तहत शहर की विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों को भी शामिल किया। इनमें नेहा लूथरा, प्रियम्वदा गोलछा, श्रेया पराशरमपुरिया, तेजस्वी चंडेला, समर्थ कासलीवाल, कुलदीप सिंह राठौड़ और अनंतजीत सिंह शामिल हैं। अभियान के माध्यम से इन लोगों की व्यक्तिगत पसंद और कहानियों के जरिए कंपनी के लाइफवियर कलेक्शन को प्रदर्शित किया गया। स्टोर के उद्घाटन से पहले यूनिक्लो ब्रांडिंग वाली पुरानी कारों ने जयपुर की सड़कों पर भ्रमण किया। पैसिफिक मॉल और शहर के चुनिंदा कैफे में भी स्थानीय संस्कृति से जुड़ी विशेष सजावट की गई।

उद्घाटन के अवसर पर ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर भी रखे गए। स्टोर में सबसे पहले पहुंचने वाले 200 ग्राहकों को यूनिक्लो का राउंड मिनी शोल्डर बैग और थर्ड वेव कॉफी दी गई। वहीं छह हजार रुपये या इससे अधिक की खरीदारी करने वाले ग्राहकों को विशेष टोट बैग उपहार में दिया गया।

यूनिक्लो इंडिया के मुख्य वित्तीय अधिकारी एवं मुख्य परिचालन अधिकारी केंजी इनौए ने कहा कि जयपुर में पहला स्टोर खोलकर कंपनी बेहद खुश है। पिंक सिटी के लोगों से मिले प्यार और उत्साह से पता चलता है कि वे कंपनी के लाइफवियर कलेक्शन को पसंद कर रहे हैं। कंपनी यहां के ग्राहकों के साथ मजबूत संबंध बनाना चाहती है और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनने की उम्मीद करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…