दोबारा एमएलसी बनने पर मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे आशुतोष सिन्हा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मीरजापुर, 13 नवंबर (हि.स.)। वाराणसी स्नातक खंड के दोबारा एमएलसी निर्वाचित होने के बाद आशुतोष सिन्हा शुक्रवार को मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे मंदिर पहुंचे एमएलसी ने कपाट बंद होने के कारण झांकी से मां का दर्शन-पूजन किया। तीर्थ पुरोहित बाबू मिश्रा ने उन्हें दर्शन कराया। इसके बाद उन्होंने कंतित मजार पर चादरपोशी की और समाजवादी पार्टी के जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।
प्रेसवार्ता में आशुतोष सिन्हा ने जीत के लिए मीरजापुर के मतदाताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले मां विंध्यवासिनी के दर्शन और कंतित मजार पर चादर चढ़ाने का संकल्प लिया था, जिसे आज पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ चुनाव में बड़ी चुनौती थी। इसके बावजूद मतदाताओं ने उन्हें प्रचंड बहुमत से जीत दिलाई। इसके लिए सभी का धन्यवाद।
विंध्याचल थाना क्षेत्र में बालक के अपहरण और हत्या के मामले पर उन्होंने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार में अपराध और अपराधियों का बोलबाला है। प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर ऐसे अपराधियों को जेल भेजा जाएगा। दर्शन के बाद एमएलसी ने सपा के वरिष्ठ नेता बाबू मिश्र के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान सपा कोन ब्लॉक अध्यक्ष सत्यप्रकाश यादव अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष अशोक यादव भी उनके साथ रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा