Live VNS

सपा नेतृत्व आज भी पीडीए के मतलब को लेकर नहीं है स्पष्ट : आकाश आनंद

सपा नेतृत्व आज भी पीडीए के मतलब को लेकर नहीं है स्पष्ट : आकाश आनंद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-तान्या नागपाल को बनाया गया प्रत्याशी

बिजनौर, 14 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के अफजलगढ़ में शनिवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने जनसभा को संबोधित करते भाजपा-कांग्रेस और सपा पर तीखा हमला बोला। उन्हाेंने बढ़ापुर विधानसभा सीट से तान्या नागपाल को बसपा का प्रत्याशी घोषित किया है।

जनसभा में आकाश आनंद ने प्रदेश सरकार पर हमला बाेलते हुए कहा कि इन्हाेंने विकास के नाम पर विज्ञापनों में 7000 करोड़ रुपये खर्च कर दिए, लेकिन सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने के लिए उनके पास पैसा नहीं है। भाजपा सरकार विज्ञापनी सरकार है। उन्होंने यहां के किसानों की समस्याएं उठाते हुए शुगर मिलों द्वारा गन्ना भुगतान, किसानों की खाद व कीटनाशक दवाईयां न मिलने की भी समस्या उठाईं। कहा कि जिले के जिस किसान की पहचान गन्ने की मिठास से है, उसके जीवन में सरकार ने कड़वाहट खोलने का काम किया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी को भाजपा की 'बी' टीम बताते हुए कांग्रेस और सपा को एक ही सिक्के के दो पहलू करार दिया।

आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा नेतृत्व आज भी पीडीए के मतलब को लेकर स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि कभी पीडीए में पी को लेकर असमंजस था तो अब इसका पूरा अर्थ ही बदल दिया गया है। उन्होंने सपा नेताओं की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पोते को लेकर की गई टिप्पणी को शर्मनाक बताते हुए चौधरी चरण सिंह के परिवार और जाट समाज से माफी मांगने की बात कही।

आकाश ने वर्ष 2013 में लोकसभा में एससी-एसटी के लिए पदोन्नति में आरक्षण से जुड़े विधेयक का जिक्र करते हुए सपा सांसदों पर उसका विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने अखिलेश यादव के नीला पटका पहनने पर तंज कसते हुए कहा कि बसपा की विचारधारा और इतिहास को समझना जरूरी है। उन्होंने वर्ष 2012 से 2017 तक सपा सरकार के कार्यकाल की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। मुजफ्फरनगर हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने तत्कालीन सरकार को घेरा।

पूर्व की बसपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए आकाश ने दावा किया कि मायावती सरकार में सरकारी कॉलेजों के छात्रावासों में ओबीसी वर्ग के बच्चों को 27 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई थी। साथ ही तीन लाख से अधिक भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराई गई थी। जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली, पूर्व सांसद नगीना गिरीशचंद्र, बसपा जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार, मंडल कोऑर्डिनेटर अखिलेश कुमार हितैषी, जफर मलिक, विजय कुमार, रोहताश, राशिद आलम, सतपाल कश्यप, जितेन्द्र सागर, आमिर चौधरी, डॉ शकील, अमरोहा के बसपा नेता मोहम्मद नावेद अयाज, मदन सिंह राणा, शेख मोहम्मद जैद, प्रधान राजेश कुमार और बसपा नेता अमिताभ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…