Live VNS

देवरिया : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दिया जीत का मंत्र, कहा— कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं

देवरिया : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दिया जीत का मंत्र, कहा— कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

देवरिया, 28 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार काे कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं। भाजपा की ताकत उसके समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, त्याग और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर ही पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है। वह शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर देवरिया पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सलेमपुर स्थित सेंट पॉल पब्लिक स्कूल और देवरिया के औरा चौरी स्थित पार्टी जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित रहने वाला संगठन नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ काम करती है। संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक सक्रियता बनाए रखना जरूरी है। प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं के समाधान में सहभागी बनने का आह्वान किया। कहा कि संगठन में आपसी समन्वय, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी ही सफलता का आधार है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से खड़ा हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना होगा। बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता ही पार्टी की वास्तविक ताकत है।

जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि देवरिया में भाजपा संगठन पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जिले के कार्यकर्ता पार्टी के सभी अभियानों और कार्यक्रमों को सफल बनाने में निरंतर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी।

इस दौरान राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, सदर सांसद शशांक मणि, जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह, सुरेंद्र चौरसिया, दीपक मिश्रा शाका, सभाकुंवर कुशवाहा, जयप्रकाश निषाद, प्रदेश प्रवक्ता एसएन सिंह, रजनीश उपाध्याय, डॉ. अभय मणि त्रिपाठी, सज्जन मणि त्रिपाठी, अभयनाथ त्रिपाठी, जिला पंचायत प्रशासक गिरीश चंद तिवारी सहित ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…