Live VNS

अवध और मिथिला के संबंधों में जुड़ने जा रहा स्वर्णिम अध्याय : मुख्यमंत्री योगी

अवध और मिथिला के संबंधों में जुड़ने जा रहा स्वर्णिम अध्याय : मुख्यमंत्री योगी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर पोस्ट कर अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक सीधी रेल सेवा के शुभारंभ की रामभक्तों को दी बधाई

लखनऊ, 23 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री अयोध्या धाम और श्री जनकपुर धाम के मध्य सीधी रेल सेवा के शुभारंभ के पहले रामभक्तों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट किया। सोमवार को उन्होंने लिखा कि, अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं 'रोटी-बेटी' के चिरंतन संबंधों में आज एक नवीन स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी ने लिखा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मित्र राष्ट्र नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के कर-कमलों से आज प्रभु श्री राम की पावन नगरी श्री अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्मस्थली श्री जनकपुर धाम के मध्य सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा। प्रभु श्री राम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए मुझे श्री अयोध्या धाम में उपस्थित रहने का सुअवसर प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री योगी ने विश्वास जताया कि युगों से अक्षुण्ण भारत और नेपाल का यह आत्मीय-सांस्कृतिक संबंध अब आधुनिक रेल संपर्क से और अधिक सुदृढ़ होगा। यह ऐतिहासिक पहल प्रधानमंत्री मोदी के 'विरासत भी, विकास भी' और 'नेबरहुड फर्स्ट' के संकल्प का जीवंत प्रमाण है। इससे दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा सुगम होगी तथा धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवध को मिथिला से एकाकार करने वाले इस पावन उपहार के लिए सभी रामभक्तों को हृदय से बधाई दी! जय श्री सीताराम!--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…