मतदाता सूची में एक भी पात्र नाम छूटा तो जवाबदेही तय, बूथों पर पहुंचे मंडलायुक्त-जिलाधिकारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मीरजापुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कवायद कागजों तक सीमित न रहे। 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हर युवा और पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज हो। किसी का नाम छूटे नहीं और गलत नाम दर्ज न रहे। विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के बीच विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन ने बूथ स्तर पर निगरानी तेज कर दी है। ये बातें शनिवार को मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कही है। दाेनाें अफसराें ने अलग-अलग क्षेत्रों में बूथों पर पहुंचकर पुनरीक्षण कार्य की पड़ताल की। बीएलओ से प्रगति जानी और नागरिकों से सीधे संवाद कर अभियान की हकीकत परखी।
मंडलायुक्त ने नगर के घंटाघर स्थित बूथ संख्या 354, 355, 356 और 357 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति पूछी। स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से काम हो। पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने में कोई कोताही न बरती जाए। नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के आवेदनों का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया जाए।
वहीं, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने विकास सिटी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भिस्कुरी स्थित बूथ संख्या 418 और 419, प्राथमिक विद्यालय बरकछा कला के बूथ संख्या 370, 371 और 372 तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय (कंपोजिट) के बूथ संख्या 415, 416 और 417 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ और ग्राम प्रधान को दो टूक निर्देश दिया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के महिला और पुरुषों का प्राथमिकता से फार्म भरवाएं। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण लोकतंत्र की बुनियाद मजबूत करने की अहम प्रक्रिया है। सूची अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। बूथों पर प्राप्त दावे और आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण करते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा