लखनऊ में 01 से 10 दिसंबर तक होगा ‘यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो 2026’ का आयोजन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
लखनऊ, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सहकारिता विभाग द्वारा आगामी 01 से 10 दिसंबर 2026 तक गोमती नगर स्थित बैडमिंटन अकादमी में भव्य एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से रात्रि 10 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर ने शनिवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दी।
मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सहकारिता, स्थानीय उद्यमों और पारंपरिक व्यवसायों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ‘यू.पी. कोऑपरेटिव एक्सपो-2026’ केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि प्रदेश की सहकारी शक्ति, स्थानीय उत्पादों और सामूहिक आर्थिक विकास को एक नई पहचान देने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ‘सहकार से समृद्धि’ और ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एक्सपो के प्रमुख उद्देश्य
सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के कृषकों, उत्पादकों और शिल्पकारों को शहरी उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ना। ग्रामीण उद्यमिता, स्वरोजगार तथा आय संवर्धन के नए अवसर सृजित कर किसानों और सहकारी संस्थाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना।
पारंपरिक कला और ब्रांडिंग
प्रदेश के हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक उत्पादों को बेहतर विपणन, ब्रांडिंग तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना। प्रदेश की समस्त सहकारी संस्थाओं को अपने उत्पादों, नवाचारों और उपलब्धियों के प्रदर्शन के लिए एक साझा मंच प्रदान करना तथा उनके मध्य व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देना।
इन संस्थाओं और उत्पादों का रहेगा विशेष आकर्षण
सहकारिता मंत्री जेपी एस राठौर ने बताया एक्सपो में इफको (IFFCO), नैफेड (NAFED), डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, खादी, माटीकला, मत्स्य पालन और उर्वरक क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख सहकारी संस्थाएं अपने उत्पादों, सेवाओं व नवाचारों का प्रदर्शन करेंगी। इसके साथ ही प्रदेश की महत्वाकांक्षी योजना ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) और ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ को भी विशेष प्रोत्साहन मिलेगा। पाठकों और आगंतुकों के लिए एक्सपो में ‘सहकारी साहित्य’ का भी विशेष आकर्षण रहेगा।
प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम
मंत्री ने कहा कि उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ-साथ प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक कलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक्सपो में प्रतिदिन सायं 06 बजे से सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सहकारिता मंत्री ने प्रदेश के अधिक से अधिक नागरिकों और मीडिया से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की, ताकि सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाकर नई मजबूती दी जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन