देवरिया : जिला संपर्क केंद्र एवं कंट्रोल रूम का डीएम ने किया उद्घाटन, टोल फ्री नंबर 1950 जारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देवरिया, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने फीता काटकर जिला संपर्क केंद्र (डीसीसी) एवं कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन, विलोपन, मतदाता पहचान पत्र तथा निर्वाचन संबंधी अन्य जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समयबद्ध निस्तारण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को प्रत्येक कॉल एवं शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नागरिकों को सही जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मतदाता निर्वाचन संबंधी जानकारी, सुझाव अथवा शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1950 एवं दूरभाष नंबर 05568-220071 पर संपर्क कर सकते हैं।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश कुमार यादव सहित निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक