राष्ट्रीय पर्वतारोहण कैंप में सौम्या ने दिखाया दमखम, बाराबंकी का बढ़ाया गौरव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बाराबंकी, 19 नवंबर (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज (जनेस्मा) बाराबंकी की एनसीसी कैडेट अंडर ऑफिसर सौम्या ने अरुणाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं साहसिक खेल कैंप में उत्कृष्ट प्रतिभाग कर जिले का मान बढ़ाया है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे एनसीसी कैडेटों के बीच सौम्या ने अपने आत्मविश्वास, साहस और अनुशासन का परिचय देते हुए सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
सौम्या 20 यूपी (गर्ल्स) बटालियन एनसीसी, लखनऊ की कैडेट हैं। उन्होंने 30 अक्टूबर से 10 नवंबर तक अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग जिले के दिरांग स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स (NIMAS) में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में प्रतिभाग किया। शिविर के दौरान कैडेटों को पर्वतारोहण, ट्रैकिंग, रॉक क्लाइम्बिंग सहित विभिन्न साहसिक खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में धैर्य, अनुशासन और टीम भावना के साथ लक्ष्य हासिल करने के गुर भी सिखाए गए।
पहाड़ी क्षेत्र के चुनौतीपूर्ण मौसम और विषम परिस्थितियों के बावजूद सौम्या ने पूरे आत्मविश्वास के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय सहित जिले में खुशी का माहौल है।
सौम्या की उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सीताराम सिंह, एनसीसी अधिकारी नीलम प्रभा, समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों और साथी कैडेटों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें गुरुवार काे दबधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी