Live VNS

मीरजापुर : विधानसभा चुनाव की तैयारियों को परखेंगे निर्वाचन आयुक्त

मीरजापुर : विधानसभा चुनाव की तैयारियों को परखेंगे निर्वाचन आयुक्त

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- डा. विवेक जोशी 20 नवम्बर को अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक, मतदाता सूची की शुद्धता पर रहेगा जोर

मीरजापुर, 19 नवंबर (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त डा. विवेक जोशी गुरुवार को मीरजापुर पहुंचे। शुक्रवार को वह जनपदीय अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, निर्वाचन आयुक्त सुबह मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद करीब 11 बजे अष्टभुजा डाकबंगले में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें मतदाता सूची के सत्यापन, बूथ स्तर पर तैयारियों और निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु बनाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

समीक्षा बैठक में मतदाता सूची से दोहरी प्रविष्टियां हटाने, बीएलओ की कार्यप्रणाली, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण जैसे विषयों पर भी विचार किया जा सकता है। ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच और बीएलए की भूमिका की भी समीक्षा संभावित है। आयोग का जोर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने पर है।

निर्वाचन आयुक्त के जनपद आगमन पर डीएम पवन कुमार गंगवार, एसपी अपर्णा रजत कौशिक और अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…