किसानों की समस्याओं, हितों और संगठन को मजबूत बनाने के लिए भाजपा किसान मोर्चा ने की बैठक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
वाराणसी, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रोहनिया स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय कार्यालय में किसान मोर्चा के काशी क्षेत्र की पहली बैठक शनिवार काे आयोजित की गई। बैठक में काशी क्षेत्र के करीब 16 जिलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और किसानों की समस्याओं, उनके हितों, संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
भाजपा के काशी क्षेत्र के किसान मोर्चा के अध्यक्ष राम विलास पाल ने विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को समझने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष देवदत्त शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और किसानों से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अजीत सिंह ने कहा कि 16 जिलों के पदाधिकारियों की सहभागिता के साथ यह पहली बड़ी क्षेत्रीय बैठक की गई है। इसमें संगठन की मजबूती और किसान हितों के लिए सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में अभिषेक सिंह, केएन पांडेय, मनीष पाल, अभय सिंह पटेल, शिवम पाल, गुड़िया सिंह और रोहन सिंह सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद