Live VNS

मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाने के विभागाधिकारी उठायें आवश्यक कदम-जिलाधिकारी

मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाने के विभागाधिकारी उठायें आवश्यक कदम-जिलाधिकारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

फतेहपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट महात्मा गॉंधी सभागार में संपन्न हुई।

जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क के किनारे अवैध पार्किंग न होने दे, साथ ही मानक के अनुरूप ही वाहनों में लाइट लगाई जाय, उसके लिए निरन्तर प्रभावी कार्यवाही की जाय। कोई नाबालिक रिक्शा न चलाए। विद्यालय के वाहन बिना परमिट, फिटनेस के संचालित न होने पायें।

सड़क सुरक्षा के मद्देनजर व सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट के वाहनों का चालान किया जाय। बिना नंबर प्लेट के दोपहिया वाहनों पर कड़ी कार्यवाही की जाय। नशे की हालत में मिलने वाले वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त करते हुए एआरटीओ को सौंपे जाएं, जिससे कि नियमानुसार कार्यवाही हो सके।

उन्होंने अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी से कहा कि हाईवे से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों में आवश्यकतानुसार सफेद पट्टी, स्पीड ब्रेकर, टेबल टॉप, साइनेज आदि लगाए जाय । उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में कोहरे के मद्देनजर सड़क के किनारे की झाड़ियों का कटान, आवश्यतानुसार सफेद पट्टी, वाहनों में रिफ्लैक्टर टेप आदि अन्य व्यवस्थाएं कर ले ताकि दुर्घटनाए कम हो सके।

जिलाधिकारी ने खनन को निर्देश दिया कि ईंट भट्टा संचालकों को नोटिस जारी कराते हुए ईंट धुलाई वाले वाहनों की ट्राली मानक अनुरूप ही रहे, साथ ही ईंट का परिवहन करने वाले ट्रैक्टर की ट्राली पर सफेद पेंट व रिफ्लेक्टर भी लगवाए जाएं। सड़क से संबंधित कार्यदाई संस्थाओं से कहा कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर जिन मार्गों में गड्ढे हो गए है कि मरम्मत कराया जाए।

उन्होंने आरटीओ, पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि प्रवर्तन की कार्यवाही प्रभावी ढंग से कराई जाय। वाहन चालकों को यातायात के नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चालको को हेलमेट, चार पहिया वाहन चालको को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया जाय।

उन्होंने सड़क से संबंधित कार्यदाई संस्थाओं को निर्देश देते हुए कहा कि समिति के सदस्यों द्वारा सड़क इंजीनियरिंग के जो सुधार के लिए जो सुझाव बताए गये है को एक सप्ताह के अंदर तकनीकी जांच कराते हुए रिपोर्ट से अवगत कराए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, एआरटीओ, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, समिति के सदस्य सहित संबंधित उपस्थित रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…