Live VNS

विद्यालय की संपत्ति और 70 लाख से अधिक के गबन के आरोप में पूर्व बीएसए समेत पांच पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश

विद्यालय की संपत्ति और 70 लाख से अधिक के गबन के आरोप में पूर्व बीएसए समेत पांच पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मिड डे मील विद्यालय की संपत्ति धोखाधड़ी जालसाजी कर हड़पने के व अन्य रूपयों के गबन का आरोप

जौनपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दीवानी न्यायालय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत ने शाहगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय, अर्गूपुर कला की संपत्ति हड़पने और मध्याह्न भोजन योजना की धनराशि समेत विद्यालय के अन्य धन के गबन के आरोप में पूर्व बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने प्रभारी निरीक्षक शाहगंज को सात दिन के भीतर प्राथमिकी की प्रति न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

विद्यालय के प्रबंधक नरेंद्र बहादुर सिंह ने अपने अधिवक्ताओं इंदु प्रकाश चौबे और अभिषेक चतुर्वेदी के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र देकर तत्कालीन बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, प्रधानाचार्य अमित कुमार सिंह, यूनियन बैंक बीबीगंज शाखा के प्रबंधक अवनीश श्रीवास्तव, विद्यालय के लिपिक जयप्रकाश यादव और जितेंद्र बहादुर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

वादी का आरोप है कि आरोपितों ने आपसी मिलीभगत से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर विद्यालय की संपत्ति हड़पने की साजिश रची। इसके साथ ही मध्याह्न भोजन योजना की धनराशि और विद्यालय के अन्य मदों से 70 लाख रुपये से अधिक का गबन किया। आरोप यह भी है कि विरोध करने पर कुछ आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वादी ने बैंक शाखा प्रबंधक की भूमिका पर भी सवाल उठाए और खाते के लेनदेन का विवरण उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया।

प्रबंधक के अनुसार, उन्होंने दिसंबर 2024 में मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक, बीएसए, जिलाधिकारी, शाहगंज कोतवाली प्रभारी और पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया।

इस मामले में 10 दिसंबर 2025 को मजिस्ट्रेट अदालत ने उनका प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया था। इसके खिलाफ उन्होंने सत्र न्यायालय में फौजदारी निगरानी याचिका दाखिल की। दो सितंबर 2026 को सत्र न्यायालय ने मजिस्ट्रेट का आदेश निरस्त करते हुए मामले की दोबारा सुनवाई कर नया आदेश पारित करने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में सीजेएम ने अब शाहगंज पुलिस को पांचों आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…